मध्य प्रदेश
14 Apr, 2026

यात्री बस पलटने से 29 घायल, चालक के मोड़ने पर हुआ हादसा

सतना जिले के हाटी मोड़ के पास एक यात्री बस के इलेक्ट्रिक ऑटो को बचाने के प्रयास में पलट जाने से 29 यात्री घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है और सभी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।

सतना, 14 अप्रैल

सतना जिले में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाटी मोड़ के पास मंगलवार दोपहर एक यात्री बस के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 29 यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब चालक ने सामने आए इलेक्ट्रिक ऑटो और उसमें सवार लोगों को बचाने का प्रयास किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नफीस ट्रेवल्स की बस सतना से चित्रकूट की ओर जा रही थी। दोपहर लगभग 12:15 बजे हाटी मोड़ के पास अचानक एक इलेक्ट्रिक ऑटो सामने आ गया। यात्रियों को बचाने के प्रयास में चालक ने ब्रेक लगाकर बस को दूसरी दिशा में मोड़ दिया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस पलट गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों की चीख-पुकार से माहौल भयावह हो गया। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी भी टीम के साथ पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

घायलों में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं। इनमें तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई है, जबकि अन्य को हल्की चोटें आई हैं।

अस्पताल में भर्ती घायलों में कई अलग-अलग क्षेत्रों के यात्री शामिल हैं, जिनमें अंजू केवट, दयाशंकर केवट, श्यामचंद्र केवट, पार्वती केवट, रामनिवास केवट, राहुल गुप्ता, महेश गुप्ता, बुद्धा साकेत, सूरजदीन साकेत, जगत नारायण, रामसजीवन, राजकुमारी, लालबहादुर, संगीता चौधरी, जितेंद्र चौधरी, बाबूलाल, श्रृष्टि, विद्या साकेत, रतन वर्मा, रामावतार, सोहती कमलेश, कांतिशरण तिवारी और अन्य यात्री शामिल हैं।

घटना के बावजूद राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने सभी घायलों का चिकित्सकीय परीक्षण कर उपचार शुरू कर दिया है और मामले की जांच जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

22° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़