मध्य प्रदेश
13 May, 2026

अपरा एकादशी पर खाटू श्याम दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब

राजगढ़ के ब्यावरा स्थित खाटू श्याम मंदिर में अपरा एकादशी पर हजारों श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जहां भव्य श्रृंगार, निशान यात्राओं और भजन-कीर्तन से भक्तिमय माहौल बना रहा।

राजगढ़, 13 मई।

राजगढ़ जिले के ब्यावरा स्थित हाईवे पर बने श्री खाटू श्याम मंदिर में बुधवार को अपरा एकादशी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा और देर शाम तक दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ बनी रही। पूरे परिसर में “जय श्री श्याम” के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

अपरा एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए पहुंचे और सुख-समृद्धि की कामना की। पर्व को लेकर मंदिर प्रबंधन समिति ने विशेष तैयारियां की थीं। बाबा श्याम का आकर्षक श्रृंगार उज्जैन से मंगाए गए 51 किलो ताजे फूलों से किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींचा। मंदिर परिसर को रंगीन सजावट, पुष्पों और रोशनी से विशेष रूप से सजाया गया, जिससे शाम के समय परिसर की भव्यता और बढ़ गई।

धार्मिक आयोजन की शुरुआत सुबह मंगला आरती से हुई। इसके बाद दिनभर पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और विशेष आरतियों का सिलसिला चलता रहा। दोपहर और शाम की आरती के दौरान मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से पूरी तरह भर गया। ब्यावरा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और दूरस्थ गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचे।

पर्व के दौरान विभिन्न मोहल्लों और गांवों से निकाली गई निशान यात्राएं आकर्षण का केंद्र रहीं। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु नाचते-गाते मंदिर पहुंचे और बाबा श्याम को निशान अर्पित किए। पिंजारा गली स्थित काली माता मंदिर से निकली निशान यात्रा ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। मंदिर परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए कई स्थानों पर मार्ग परिवर्तन भी लागू किया गया। नगर सुरक्षा समिति और स्वयंसेवकों ने दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग किया।

तेज गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कमी नहीं दिखी। अपरा एकादशी का पर्व पूरे नगर में धार्मिक माहौल और भक्ति रस के साथ मनाया गया।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

30° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़