वाराणसी, 28 अप्रैल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी की जनता की मांग को पूरा करते हुए कई विकास परियोजनाओं के साथ सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास किया। यह कार्यक्रम बनारस रेल इंजन कारखाना परिसर में आयोजित महिला सम्मेलन के दौरान संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने संसदीय क्षेत्र वाराणसी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने के लिए 500 बिस्तरों वाले सुपर स्पेशलिटी अस्पताल की आधारशिला रखी, जिस पर लगभग 315 करोड़ रुपये की लागत आएगी। यह अस्पताल क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती प्रदान करेगा।
साथ ही गंगा नदी पर बनने वाले देश के सबसे चौड़े और आधुनिक डबल-डेकर सिग्नेचर ब्रिज का भी शिलान्यास किया गया। यह परियोजना लगभग 2500 से 2600 करोड़ रुपये की लागत से पूरी होगी और वाराणसी के यातायात ढांचे को नई दिशा देगी।
यह सिग्नेचर ब्रिज लगभग 1074 मीटर लंबा होगा और इसमें ऊपर छह लेन की सड़क तथा नीचे चार रेलवे ट्रैक बनाए जाएंगे। इसके एक छोर पर डमरू की आकृति भी आकर्षण का केंद्र होगी, जो इसकी विशेष पहचान बनेगी।
ब्रिज के निर्माण से राजघाट से पड़ाव को जोड़ने वाले पुराने मालवीय पुल पर दबाव कम होगा। इसे नमो घाट से पड़ाव तक बनाया जाएगा, जिससे वाराणसी का संपर्क चंदौली जिले और बिहार राज्य से और अधिक सुगम हो जाएगा।
इस परियोजना के पूर्ण होने पर न केवल यातायात व्यवस्था में सुधार होगा, बल्कि वाणिज्यिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी।











