इंदौर, 28 अप्रैल
इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी पत्नी सोनम रघुवंशी को शिलॉन्ग की अदालत से जमानत मिल गई है। यह फैसला मामले की चौथी सुनवाई के दौरान सामने आया, जिससे मृतक के परिजनों को गहरा धक्का लगा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अदालत ने अपने अधिकार क्षेत्र का उपयोग करते हुए जमानत स्वीकृत की। मृतक के भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि उन्हें इस निर्णय की जानकारी वकील के माध्यम से मिली। उनके अनुसार सोनम को पहले ही जमानत मिल चुकी है और जल्द ही उसके जेल से रिहा होने की संभावना है। परिवार का आरोप है कि बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी प्रक्रिया में कमियों का मुद्दा उठाया, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। परिजनों ने यह भी कहा कि उन्हें सुनवाई की पूरी जानकारी नहीं दी गई, जिससे वे अपनी बात नहीं रख सके।
इस फैसले के बाद परिवार ने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाने का निर्णय लिया है। उनका कहना है कि वे न्याय के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे और जमानत आदेश को चुनौती देंगे। परिवार के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों को भी पहले जमानत मिल चुकी है और अब तक गिरफ्तार पांच में से चार आरोपी जमानत पर बाहर हैं।
मृतक की मां ने इस निर्णय पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आरोपी पक्ष के लोग पूरे मामले में संलिप्त हैं। उन्होंने कहा कि बेटे की हत्या के बाद भी आरोपी को राहत मिलना बेहद पीड़ादायक है। उन्होंने न्याय प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें समय पर जानकारी नहीं दी गई और निष्पक्षता पर संदेह बना हुआ है। परिवार ने यह भी कहा कि वे आगे कानूनी विकल्पों का सहारा लेंगे।
गौरतलब है कि राजा रघुवंशी की हत्या 23 मई 2025 को हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही वे अपनी पत्नी के साथ शिलॉन्ग गए थे, जहां दोनों के लापता होने की सूचना मिली थी। बाद में गहरी खाई से उनका शव बरामद हुआ, जिस पर धारदार हथियार से कई वार के निशान पाए गए थे। घटना के बाद सोनम लापता हो गई थी और बाद में उसने उत्तर प्रदेश में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था।












