अहमदाबाद, 07 मई।
वैश्विक योगासन आंदोलन के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में भारत 4 से 8 जून तक गुजरात के अहमदाबाद स्थित ट्रांसस्टेडिया में पहले विश्व योगासन चैंपियनशिप संस्करण की मेजबानी करने जा रहा है, जिसमें 40 से अधिक देशों की भागीदारी सुनिश्चित होगी।
यह आयोजन वर्ल्ड योगासन के तत्वावधान में योगासन भारत द्वारा किया जाएगा, जिसका उद्देश्य दुनिया भर के शीर्ष एथलीटों को एक मंच पर लाकर योगासन को एक मान्यता प्राप्त प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में और अधिक मजबूती देना है तथा ओलंपिक खेलों में इसके शामिल होने की दिशा में संभावनाओं को बढ़ाना है।
इस वैश्विक पहल के माध्यम से एक ऐसा मजबूत आधार तैयार किया जा रहा है, जो भविष्य में बहु-खेल आयोजनों में योगासन की उपस्थिति को सशक्त बनाएगा और इसके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार को गति देगा।
राष्ट्रीय योगासन टीम के चयन के लिए ट्रायल 1 और 2 मई को हरियाणा के सोनीपत स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण केंद्र में आयोजित किए गए, जहां खिलाड़ियों ने पारंपरिक, कलात्मक, लयबद्ध और एथलेटिक श्रेणियों में अपना प्रदर्शन दिया। चयनित खिलाड़ियों को 10 मई से 2 जून तक अहमदाबाद के नारायणपुरा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में राष्ट्रीय कोचिंग शिविर में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
योगासन भारत के अध्यक्ष ने कहा कि पहली बार विश्व योगासन चैंपियनशिप की मेजबानी खेल जगत के लिए एक निर्णायक क्षण है और भारत का लक्ष्य योगासन को वैश्विक स्तर पर युवाओं तक खेल के माध्यम से पहुंचाना है, जिससे यह बहु-खेल आयोजनों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कर सके।
उन्होंने यह भी कहा कि देश में एक मजबूत प्रतिस्पर्धी ढांचा तैयार किया जा चुका है और अब योगासन वैश्विक मंच के लिए पूरी तरह तैयार है, साथ ही भारत इस आंदोलन का नेतृत्व करने पर गर्व महसूस करता है और योगासन को योगमय जीवनशैली का महत्वपूर्ण मार्ग बताया।
महासचिव ने कहा कि सोनीपत में हुए राष्ट्रीय ट्रायल में खिलाड़ियों की भागीदारी और प्रतिभा का स्तर यह दर्शाता है कि देश में योगासन तेजी से विकास कर रहा है और यह चैंपियनशिप खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान कर खेल के विस्तार को और गति देगी।
वर्ल्ड योगासन द्वारा मान्यता प्राप्त यह खेल योग की परंपरा को प्रतिस्पर्धी खेल भावना से जोड़ता है, जिसमें प्रदर्शन का मूल्यांकन सटीकता, संतुलन, लचीलापन, नियंत्रण, स्थिरता और कठिनाई स्तर के आधार पर किया जाता है।
जून में अहमदाबाद में होने वाले इस आयोजन में विभिन्न देशों के एथलीटों, अधिकारियों और संघों की भागीदारी के साथ यह चैंपियनशिप भारत की योग विरासत और खेल उत्कृष्टता का एक ऐतिहासिक उत्सव साबित होने की उम्मीद है।












.jpg)
