जयपुर, 11 अप्रैल 2026।
जयपुर दौरे के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) भाजपा का “शुद्धिकरण” करेगा। साथ ही उन्होंने नीतीश कुमार को लेकर कहा कि वे उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते थे, लेकिन भाजपा ने उन्हें राज्यसभा भेजकर उनके साथ “धोखा” किया, जिसे उन्होंने राजनीतिक साजिश बताया।
मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में हस्तक्षेप कर समाजवादी पार्टी के समर्थकों के वोट जानबूझकर हटाए गए। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान फर्जी हस्ताक्षरों के आधार पर मतदाता सूची से नाम काटे गए, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बिना नाम लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग दूसरों से प्रमाण पत्र मांगते हैं, उनके पास स्वयं का कोई प्रमाण नहीं होता। शंकराचार्य को धमकियों के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि वे नकली संतों के खिलाफ खड़े हैं और व्यंग्यात्मक अंदाज में मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
अखिलेश यादव ने दावा किया कि जहां भाजपा होती है, वहां “पीड़ा” होती है और इस बार उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन और मजबूत होगा, हालांकि उनकी पार्टी राजस्थान में चुनाव नहीं लड़ रही है।
रामबाग पैलेस में आयोजित “विजन इंडिया: हॉर्मोनियस हेरिटेज समिट” में मुख्य अतिथि के रूप में उन्होंने सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जयपुर केवल “पिंक सिटी” नहीं, बल्कि विविधता और एकता का प्रतीक है। उन्होंने परंपरा और नवाचार के संतुलन को देश के विकास की कुंजी बताया।











.jpg)
.jpg)