बेंगलुरु, 08 मई।
कर्नाटक के चित्रदुर्ग में 09 मई, शनिवार को आयोजित होने वाले पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा के सार्वजनिक जीवन से जुड़े “अभिमानोत्सव” कार्यक्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी. वाई. विजयेंद्र ने इसकी जानकारी देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि चित्रदुर्ग में आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में अमित शाह की मौजूदगी कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह बढ़ाने वाली होगी।
विजयेंद्र ने बताया कि व्यस्त राजनीतिक कार्यक्रमों के बावजूद अमित शाह ने बी.एस. येदियुरप्पा के प्रति सम्मान और कर्नाटक भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति अपने स्नेह के चलते इस आयोजन में शामिल होने की सहमति दी है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में नवनियुक्त मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद अमित शाह सीधे चित्रदुर्ग पहुंचेंगे।
यह आयोजन बी.एस. येदियुरप्पा के लंबे राजनीतिक सफर, किसान हितों के लिए किए गए संघर्ष और राज्य की राजनीति में उनके योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, समर्थकों और भाजपा नेताओं के पहुंचने की संभावना जताई गई है।



.jpg)


.jpg)

.jpg)


