नई दिल्ली, 08 मई।
देश में संभावित बाढ़ और हीट वेव की चुनौतियों से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार, 10 मई को नई दिल्ली में एक उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
गृह मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, अमित शाह के नेतृत्व में देश में आपदा प्रबंधन प्रणाली को लगातार मजबूत किया गया है। इसमें केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल को सशक्त बनाना और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जनहानि को शून्य रखने की दिशा में काम करना शामिल है।
यह समीक्षा बैठक सरकार की सक्रिय शासन व्यवस्था और नागरिक केंद्रित आपदा प्रबंधन के दृष्टिकोण को दर्शाती है। बैठक में प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली, राहत संसाधनों की उपलब्धता और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय की स्थिति का आकलन किया जाएगा, ताकि आपदा के समय त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसके अलावा गृह मंत्री बाढ़ नियंत्रण और नुकसान कम करने के लिए चल रही दीर्घकालिक योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा करेंगे। इनमें महत्वपूर्ण ढांचागत परियोजनाओं की सुरक्षा, नदी प्रबंधन से जुड़े कार्य और मौसम पूर्वानुमान तकनीकों में सुधार जैसे विषय शामिल हैं।
अमित शाह पिछली समीक्षा बैठक में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन की भी जानकारी लेंगे, ताकि सभी योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी रूप से पालन सुनिश्चित किया जा सके।






.jpg)

.jpg)


