नई दिल्ली, 01 मई।
देश में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) से होने वाला सकल राजस्व संग्रह अप्रैल माह में 8.7 प्रतिशत की वृद्धि के साथ लगभग 2.43 लाख करोड़ रुपये के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया है, जो पिछले वर्ष अप्रैल में दर्ज 2.23 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड से भी अधिक है।
जीएसटी महानिदेशालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल में राजस्व संग्रह 8.7 प्रतिशत बढ़कर 2,42,702 करोड़ रुपये (लगभग 2.43 लाख करोड़ रुपये) पर पहुंच गया, जिससे नया रिकॉर्ड दर्ज हुआ है। यह वृद्धि मुख्य रूप से आयात पर कर में तेज 25.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी और मजबूत घरेलू उपभोग के कारण देखी गई है।
आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में घरेलू लेन-देन से प्राप्त सकल राजस्व 4.3 प्रतिशत बढ़कर 1.85 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया, जबकि आयात से प्राप्त कर संग्रह में 25.8 प्रतिशत की तेज वृद्धि दर्ज की गई और यह 57,580 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
वहीं अप्रैल माह में 31,793 करोड़ रुपये की राशि रिफंड के रूप में वापस की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 19.3 प्रतिशत अधिक है। रिफंड समायोजन के बाद शुद्ध जीएसटी संग्रह 7.3 प्रतिशत बढ़कर लगभग 2.11 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।













