रायपुर, 16 मई।
छत्तीसगढ़ में 1992 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी अरुण देव गौतम को राज्य का स्थायी पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया है। इस संबंध में गृह विभाग की प्रमुख सचिव द्वारा 16 मई को आदेश जारी किया गया, जिसके बाद उनकी औपचारिक नियुक्ति की पुष्टि हुई।
वे पिछले लगभग 17 महीनों से राज्य में प्रभारी पुलिस महानिदेशक के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे और अब उन्हें स्थायी रूप से यह पद सौंप दिया गया है।
अरुण देव गौतम को उनके सेवा कार्यकाल में कई प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं, जिनमें वर्ष 2010 का भारतीय पुलिस पदक, वर्ष 2018 का विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक तथा वर्ष 2002 में कोसोवा में सेवा के दौरान मिला संयुक्त राष्ट्र पदक शामिल है।
अपने करियर के दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। छत्तीसगढ़ में वे कोरिया, रायगढ़, जशपुर, राजनांदगांव, सरगुजा और बिलासपुर जिलों में पुलिस अधीक्षक रह चुके हैं।
वर्ष 2009 में नक्सली हमले के बाद उन्हें राजनांदगांव का एसपी नियुक्त किया गया था, वहीं वर्ष 2013 के झीरम घाटी नक्सली हमले के बाद उन्हें बस्तर आईजी की जिम्मेदारी सौंपी गई। कठिन परिस्थितियों में उनके नेतृत्व और कार्यशैली की सराहना की जाती रही है।














.jpg)
.jpg)