कोलकाता, 28 अप्रैल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण में बुधवार को राज्य की 142 विधानसभा सीटों पर मतदान कराया जाएगा। इस चरण में कोलकाता के साथ उत्तर 24 परगना, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, हुगली, नदिया और पूर्व बर्धमान जिलों में वोट डाले जाएंगे।
इस चरण में कुल 1448 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सभी 142 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस ने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी 141 सीटों पर चुनावी मुकाबले में है।
चुनाव आयोग के अनुसार इस चरण के लिए कुल 1463 नामांकन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 15 नामांकन अस्वीकृत कर दिए गए। दक्षिण 24 परगना के भांगड़ क्षेत्र में सबसे अधिक 19 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि हुगली जिले की गोघाट (एससी) सीट पर केवल 5 प्रत्याशी मैदान में हैं।
इस चरण में कुल 3,21,73,837 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे, जिनमें 1,64,35,627 पुरुष, 1,57,37,418 महिला और 792 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। कोलकाता की भवानीपुर सीट इस चरण की सबसे चर्चित सीट बन गई है, जहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से माना जा रहा है। वर्ष 2021 के चुनाव में नंदीग्राम में दोनों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था, जिसमें शुभेंदु अधिकारी विजयी रहे थे।
चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। अधिकांश मतदान केंद्रों पर केंद्रीय अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं, जबकि संवेदनशील और अति-संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। वेबकास्टिंग, सीसीटीवी निगरानी और लगातार फ्लैग मार्च के माध्यम से मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी जाएगी।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार उत्तर 24 परगना जिले में सबसे अधिक 507 कंपनियां तैनात की गई हैं। बारासात पुलिस जिले में 112 कंपनी और बनगांव क्षेत्र में 62 कंपनी बल की तैनाती की गई है। अन्य जिलों में भी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है ताकि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ था, जिसमें 92 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। मतगणना आगामी 4 मई को होगी।












