एक्सक्लूसिव
28 Apr, 2026

लू से श्रमिकों की सुरक्षा के लिए केंद्र का बड़ा अलर्ट

भीषण गर्मी और लू से श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने राज्यों को व्यापक दिशा-निर्देश जारी कर तत्काल राहत और निवारक कदम उठाने पर जोर दिया है।

नई दिल्ली, 28 अप्रैल

देशभर में बढ़ती भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को परामर्श जारी कर श्रमिकों की सुरक्षा के लिए तुरंत निवारक एवं राहत उपाय लागू करने का आग्रह किया है।

मंत्रालय ने सभी मुख्य सचिवों और प्रशासकों को भेजे गए पत्र में कहा है कि विशेष रूप से बाहरी क्षेत्रों और श्रम-प्रधान कार्यस्थलों पर काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समन्वित और बहुआयामी रणनीति अपनाना आवश्यक है।

राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को निर्देश दिए गए हैं कि नियोक्ताओं, ठेकेदारों, उद्योगों और निर्माण कंपनियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। इसमें कार्य घंटों में बदलाव, पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता और कार्यस्थलों व विश्राम स्थलों को ठंडा रखने की व्यवस्था शामिल है।

परामर्श में यह भी कहा गया है कि निर्माण स्थलों सहित सभी कार्यस्थलों पर आपातकालीन आइस पैक और गर्मी से बचाव से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से श्रमिकों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने पर बल दिया गया है।

कारखानों और खदानों के प्रबंधन को अत्यधिक गर्मी के दौरान कार्य की गति कम करने, आवश्यकता पड़ने पर दो श्रमिकों की टीम लगाने, विश्राम की व्यवस्था करने तथा कार्यस्थलों को हवादार और ठंडा बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्रालय ने विशेष रूप से निर्माण श्रमिकों, ईंट भट्ठों में कार्यरत मजदूरों, दिहाड़ी और अस्थायी श्रमिकों पर ध्यान देने को कहा है। इसके साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाने, पोस्टर-बैनर लगाने और लू से बचाव संबंधी संदेश प्रसारित करने पर जोर दिया गया है।

राष्ट्रीय श्रमिक शिक्षण बोर्ड के प्रशिक्षण महानिदेशालय को लू से बचाव और प्रबंधन पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें लू के कारण, लक्षण, सुरक्षा उपाय, सुरक्षित कार्य पद्धतियां और प्राथमिक उपचार शामिल होंगे।

कर्मचारी राज्य बीमा निगम तथा श्रम कल्याण महानिदेशालय के अंतर्गत अस्पतालों और औषधालयों को लू से संबंधित मामलों के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने और ओआरएस सहित आवश्यक सामग्री का पर्याप्त भंडारण रखने को कहा गया है।

मुख्य श्रम आयुक्त और खान सुरक्षा महानिदेशालय जैसी एजेंसियों को सुरक्षा मानकों की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। वहीं कर्मचारी भविष्य निधि संगठन और राष्ट्रीय कैरियर सेवा को शिविरों के दौरान श्रमिकों के लिए ठंडे एवं हवादार कार्यस्थल और पर्याप्त पेयजल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्रालय ने सभी संबंधित संस्थाओं से की गई कार्रवाई की पाक्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने को भी कहा है, ताकि लगातार समीक्षा और निगरानी की जा सके। साथ ही दोहराया गया है कि गर्मी के मौसम में श्रमिकों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और उत्पादकता को बनाए रखने के लिए समय पर कदम उठाना और सख्त निगरानी अत्यंत आवश्यक है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

29° / 42°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़