गुवाहाटी, 07 मई।
पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या की घटना पर असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी ने गहरी नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और समाज के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक करार दिया है। पार्टी ने कहा कि यह घटना सभ्य समाज की अंतरात्मा को झकझोर देने वाली है और किसी भी रूप में राजनीतिक हिंसा को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
भाजपा ने अपने बयान में स्पष्ट कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद और वैचारिक भिन्नताएं स्वाभाविक हैं, लेकिन हिंसा और हथियारों के जरिए राजनीतिक प्रतिशोध लेना किसी भी सभ्य समाज की पहचान नहीं हो सकता। पार्टी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में हाल के विधानसभा चुनावों में जनता ने निर्भीक होकर मतदान किया और भाजपा के पक्ष में स्पष्ट जनादेश दिया था।
बयान में आरोप लगाया गया कि जनादेश का सम्मान करने के बजाय कुछ राजनीतिक तत्व राज्य में भय, हिंसा और प्रतिशोध का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। पार्टी ने इसे अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि ऐसे घटनाक्रम लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ हैं और समाज में असुरक्षा पैदा करते हैं।
भाजपा ने यह भी कहा कि पश्चिम बंगाल के नागरिक शांति, सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण की उम्मीद रखते हैं, लेकिन इस प्रकार की घटनाएं उस भरोसे को कमजोर करती हैं। पार्टी ने इस हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा देने की बात कही।
पार्टी ने यह भी उल्लेख किया कि सत्ता परिवर्तन के बाद से विभिन्न स्तरों पर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कथित रूप से हिंसक घटनाएं बढ़ी हैं। भाजपा ने ऐसे सभी मामलों में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
अंत में भाजपा ने कहा कि पश्चिम बंगाल, जो गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पवित्र जन्मभूमि है, वहां लोकतांत्रिक और पारदर्शी शासन की स्थापना के लिए पार्टी पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जनता के हित में कार्य करती रहेगी।












.jpg)
