नई दिल्ली, 07 मई।
भारत और फ्रांस ने विज्ञान, अंतरिक्ष तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे उभरते क्षेत्रों में अपने सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई है। दोनों देशों ने इसे केवल तकनीकी साझेदारी नहीं बल्कि वैश्विक नवाचार और अनुसंधान को गति देने वाला कदम बताया है।
केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने फ्रांस के उच्च शिक्षा, अनुसंधान और अंतरिक्ष मंत्री प्रोफेसर फिलिप बैप्टिस्ट के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अहम बैठक की। इस दौरान दोनों देशों के बीच चल रही संयुक्त परियोजनाओं की समीक्षा की गई और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में यह माना गया कि भारत और फ्रांस के बीच विज्ञान और अंतरिक्ष सहयोग अब एक सुदृढ़ रणनीतिक साझेदारी का रूप ले चुका है, जो शोध, नवाचार और वैश्विक चुनौतियों के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि यह साझेदारी दोनों देशों की वैज्ञानिक क्षमता को नई ऊंचाई दे रही है और इससे वैश्विक स्तर पर भी सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 को दोनों देशों ने “भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष” के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
इस पहल के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एप्लाइड मैथमेटिक्स और डिजिटल साइंस जैसे क्षेत्रों में संयुक्त शोध और तकनीकी विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
बैठक में मेघा-ट्रॉपिक्स, तृष्णा और सरल जैसे प्रमुख अंतरिक्ष मिशनों की प्रगति की समीक्षा भी की गई। भारत की अंतरिक्ष एजेंसी इसरो और फ्रांस की अंतरिक्ष एजेंसी सीएनईएस लंबे समय से संयुक्त रूप से कार्य कर रही हैं।
फ्रांस ने भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन में सहयोग देने की प्रतिबद्धता दोहराई और मानव अंतरिक्ष उड़ान के क्षेत्र में इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताया।
मानव अंतरिक्ष उड़ान के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के तहत अंतरिक्ष यात्रियों के प्रशिक्षण, सूक्ष्म गुरुत्वाकर्षण प्रयोग और दीर्घकालिक अंतरिक्ष अभियानों पर भी चर्चा की गई। भारत ने इस प्रस्ताव का स्वागत करते हुए सहयोग को और आगे बढ़ाने की इच्छा जताई।
इसके अलावा “स्पेस फॉर ओसियन एलायंस” के तहत समुद्री डेटा साझा करने पर भी सहमति बनी, जिसमें भारत ने अपने डीप ओसियन मिशन को महत्वपूर्ण आधार बताया।
साथ ही दोनों देशों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा साइंस के क्षेत्र में संयुक्त शोध को और विस्तार देने पर भी सहमति जताई।



.jpg)

.jpg)

.jpg)





