भोपाल, 16 मई।
राजधानी भोपाल के कोलार रोड स्थित चूनाभट्टी क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक चलती एसयूवी कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची लपटें उठने लगीं। घटना भीड़भाड़ वाले इलाके में होने और आसपास ट्रांसफार्मर, इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन व रिहायशी क्षेत्र मौजूद होने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रही।
जानकारी के अनुसार, गार्डन रेजिडेंसी के समीप दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक हुंडई क्रेटा कार से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ। कुछ ही पलों में वाहन आग की चपेट में आ गया। सूचना मिलने पर कोलार फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की। हालांकि, तब तक वाहन का बड़ा हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था।
कार मालिक नितिन रघुवंशी ने आरोप लगाया कि उनकी कार पिछले करीब 15 दिनों से चूनाभट्टी स्थित एक शोरूम की वर्कशॉप में सुधार कार्य के लिए खड़ी थी। शनिवार को वर्कशॉप कर्मचारी वाहन को ट्रायल के लिए लेकर निकले थे, इसी दौरान रास्ते में आग लग गई। संयोगवश उसी समय कार मालिक भी उसी मार्ग से गुजर रहे थे और उन्होंने अपनी कार को जलते हुए देख लिया।
नितिन रघुवंशी का आरोप है कि घटना की जानकारी लेने के लिए जब उन्होंने शोरूम में संपर्क किया तो उन्हें बताया गया कि कार अब भी वर्कशॉप में मौजूद है और उस पर काम चल रहा है। इसके बाद उन्होंने मौके का वीडियो रिकॉर्ड किया और शोरूम पहुंचकर आपत्ति जताई। उनका यह भी कहना है कि आग लगने के बाद कर्मचारी वाहन को मौके पर छोड़कर चले गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग इतनी तेज थी कि कार के टायर तक जल गए। आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया, क्योंकि समीप ट्रांसफार्मर और इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन भी था। समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। घटना के कारण कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
फिलहाल घटना को लेकर शोरूम प्रबंधन और वर्कशॉप कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मामले को लेकर आगे जांच की जा रही है।










