सोलन, 05 मई
सोलन में नगर निगम चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मंगलवार को कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसंपर्क अभियान के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस की पिछली नगर निगम आंतरिक विवादों में उलझी रही, जबकि शहर की जनता बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान होती रही।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में मुफ्त पानी उपलब्ध कराने का वादा किया था, लेकिन वास्तविक स्थिति यह रही कि कई क्षेत्रों में 14 से 15 दिनों तक जलापूर्ति बाधित रही। इसके बावजूद लोगों को भारी भरकम बिल चुकाने पड़े और मजबूरी में टैंकरों से पानी खरीदना पड़ा। उन्होंने इसे जनता के साथ धोखा करार दिया।
उन्होंने दावा किया कि सोलन की जनता अब परिवर्तन का मन बना चुकी है और कांग्रेस सरकार के साथ-साथ नगर निगम में भी बदलाव की आवश्यकता महसूस कर रही है। उनके अनुसार चुनाव से पहले किए गए बड़े वादे सत्ता में आने के बाद पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।
कूड़ा प्रबंधन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कूड़ा शुल्क न लगाने का वादा किया था, लेकिन बाद में न केवल शुल्क लगाया गया बल्कि कई गुना बढ़ाकर वसूली भी की गई, जबकि सफाई व्यवस्था लगातार कमजोर बनी रही। इसी तरह हाउस टैक्स बढ़ाने का भी आरोप उन्होंने लगाया और कहा कि जनता को किसी भी प्रकार की राहत नहीं मिली।
महिलाओं के लिए घोषित आर्थिक सहायता पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिमाह राशि देने का वादा किए जाने के बावजूद लंबे समय बाद भी लाभ नहीं मिल पाया है। वहीं युवाओं को रोजगार देने के वादे भी पूरे नहीं हुए और रोजगार के अवसर घटे हैं।
डॉ. बिंदल ने कहा कि कर्मचारी, पेंशनर्स और आम नागरिक खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और इसी कारण विरोध के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनिंदा लोगों के हित में कार्य कर रही है, जबकि आम जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि देशभर में भाजपा के पक्ष में माहौल बना हुआ है और आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में भी राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिलेगा। सोलन नगर निगम में भाजपा की जीत निश्चित है, जिससे क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिलेगी।





.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)