भोपाल, 08 मई।
महिला आरक्षण को लेकर देशभर में जारी राजनीतिक चर्चाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश में बड़ा संदेश देने की तैयारी में दिखाई दे रही है। पार्टी संगठन और सत्ता दोनों स्तरों पर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में कदम बढ़ा सकती है। चर्चा है कि आगामी राज्यसभा चुनाव में भाजपा अपनी एक सीट पर महिला प्रत्याशी को मौका दे सकती है।
मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों पर चुनाव प्रस्तावित हैं। इनमें दो सीटों पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस का दावा माना जा रहा है। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा तेज है कि भाजपा अपनी दो सीटों में से एक सीट महिला उम्मीदवार को देकर महिला आरक्षण के मुद्दे पर मजबूत संदेश देने की रणनीति बना रही है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने का उद्देश्य केवल चुनावी लाभ तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला नेतृत्व को आगे लाने और महिला मतदाताओं के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाने की भी तैयारी है। माना जा रहा है कि भाजपा इस कदम के जरिए महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को लेकर अपनी प्रतिबद्धता को भी सामने रखना चाहती है।
सिर्फ राज्यसभा चुनाव ही नहीं, संगठन स्तर पर भी महिलाओं को अधिक जिम्मेदारी देने की कवायद शुरू हो गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संकेत दिए हैं कि जल्द घोषित होने वाली नई प्रदेश कार्यकारिणी में महिलाओं की भागीदारी पहले की तुलना में बढ़ाई जा सकती है।
सूत्रों के अनुसार इस बार प्रदेश कार्यकारिणी का आकार सीमित रखा जाएगा, लेकिन उसमें महिला प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। पिछली कार्यसमिति में करीब 200 सदस्य शामिल थे, जिनमें लगभग 36 महिलाएं थीं। नई कार्यकारिणी में इस आंकड़े को और बढ़ाने की तैयारी बताई जा रही है।






.jpg)

.jpg)


