तिरुपति, 08 मई।
मध्य प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल के पुत्र प्रबल सिंह पटेल का विवाह गुरुवार को आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध तिरुपति बालाजी मंदिर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ। राजनीतिक हस्तियों की मौजूदगी के बावजूद समारोह को बेहद सादगीपूर्ण और सीमित रखा गया।
विवाह समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष रूप से तिरुपति पहुंचे और नवविवाहित जोड़े को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, सांसद आलोक शर्मा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे सहित कई प्रमुख नेता एवं परिवारजन मौजूद रहे।
समारोह के दौरान सबसे ज्यादा चर्चा मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के अंदाज की रही। वह दक्षिण भारतीय पारंपरिक परिधान लुंगी और कुर्ते में नजर आए। उन्होंने शिवराज सिंह चौहान और प्रहलाद पटेल के साथ पारंपरिक शैली में लुंगी डांस कर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। नेताओं का यह अलग अंदाज सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होता दिखाई दिया।
गौरतलब है कि इससे पहले 23 अप्रैल को भोपाल की प्रोफेसर कॉलोनी में प्रबल सिंह पटेल और नरसिंहपुर निवासी हिमांशी दुबे की सगाई आयोजित हुई थी। उस कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर समेत कई वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल हुए थे।






.jpg)



