नई दिल्ली, 08 मई।
तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर कांग्रेस और तमिलगा वेत्री कड़गम के बीच बने समीकरणों पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए उन पर सहयोगी दलों को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने कहा कि राहुल गांधी आज की राजनीति में सबसे बड़े अवसरवादी नेता के रूप में सामने आए हैं। उनका कहना था कि राहुल गांधी विभिन्न राज्यों में क्षेत्रीय दलों के सहारे राजनीति करते हैं, लेकिन बाद में वही दल राजनीतिक नुकसान का सामना करते हैं।
उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल की मौजूदा राजनीतिक स्थिति यह संकेत दे रही है कि राहुल गांधी विपक्ष को मजबूत करने के बजाय उसे कमजोर करने में लगे हैं। चुग ने कहा कि इंडी गठबंधन में नेतृत्व से ज्यादा भरोसे का संकट गहराया हुआ है और राहुल गांधी सहयोगी दलों पर बोझ बनते जा रहे हैं।
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि बंगाल में सहयोगियों के साथ विवाद, तमिलनाडु में सरकार गठन को लेकर असमंजस और केरल में कांग्रेस की आंतरिक खींचतान विपक्षी राजनीति में भ्रम और अविश्वास को बढ़ा रही है।
गौरतलब है कि अभिनेता विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीटों पर जीत दर्ज की है, जो बहुमत से दस सीटें कम हैं। सरकार बनाने के लिए पार्टी को अन्य दलों के समर्थन की जरूरत है। कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, माकपा और वीसीके ने टीवीके को समर्थन देने का निर्णय लिया है। चुनाव में कांग्रेस को पांच सीटें मिलीं, जबकि सीपीआई, माकपा और वीसीके ने दो-दो सीटों पर जीत हासिल की।



.jpg)


.jpg)

.jpg)


