अनूपपुर, 29 अप्रैल
अनूपपुर जिले के करनपठार थाना क्षेत्र अंतर्गत पडरीखार गांव में चार दिनों से लापता डीजे संचालक का शव कुएं में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक हेमंत कुमार सिंह 25 अप्रैल को एक विवाह समारोह में डीजे बजाने गया था। रात के समय वह कार्यक्रम स्थल से यह कहकर निकला था कि वह सड़क किनारे स्थित अपने दूसरे घर में सोने जा रहा है, इसके बाद 26 अप्रैल की सुबह से उसका कोई पता नहीं चला। शुरुआत में परिजनों ने अनुमान लगाया कि वह डीजे कार्य के सिलसिले में आसपास के गांव में गया होगा।
इसी बीच 28 अप्रैल को उसी घर के पास कुछ किशोरियां सड़क से करीब सौ मीटर दूर स्थित कुएं पर नहाने पहुंचीं, जहां उन्हें पानी में एक शव दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीण बहादुर सिंह ने मंगलवार शाम को करनपठार थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस रात करीब दस बजे मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर बेनीबारी स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
पुलिस के अनुसार शव काफी सूजा हुआ था, जिससे शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान स्पष्ट रूप से नहीं दिख सके। परिजनों ने भी किसी प्रकार के विवाद या रंजिश की जानकारी होने से इनकार किया है।
फिलहाल पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मौत के कारणों की जांच में जुटी हुई है।



.jpg)






.jpg)

