अपराध
09 May, 2026

बीएसएनएल केबल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, 6 गिरफ्तार

जयपुर पुलिस ने बीएसएनएल केबल काटकर तांबा चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में तार और औजार बरामद किए।

जयपुर, 09 मई।

बजाज नगर थाना पुलिस और कमिश्नरेट की स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बीएसएनएल की मुख्य टेलीफोन केबल काटकर तांबे के तार चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में बिहार के अररिया जिले से जुड़े छह शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनसे भारी मात्रा में तांबे के तार और केबल काटने के औजार बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजाहिद, मुजफ्फर, कदीर, मंसूर, अनीश और सरफराज के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी पलासी थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और जयपुर में रहकर केबल चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 54 किलोग्राम तांबे जैसे धातु के कटे हुए तार, दो गेंती, दो फावड़े और एक आरी बरामद की है, जिनका उपयोग केबल काटने और खुदाई में किया जाता था।

जांच में सामने आया कि टोंक रोड स्थित टोंक फाटक पुलिया के नीचे बीएसएनएल की मुख्य लाइन काटी गई थी, जिससे क्षेत्र की संचार सेवाएं बाधित हो गई थीं। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह चोरी किए गए तांबे को किसे बेचता था और इससे पहले कितनी वारदातों को अंजाम दिया गया है। पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई जारी है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़