जींद, 01 मई
जींद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पशु वाहन दल ने पशु चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस आरोपित से पशु चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब गांव पडाना निवासी करतार सिंह ने पुलिस को शिकायत दी कि अज्ञात पशु चोर उनके पशुबाड़े से चार भैंसें चोरी कर ले गए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये है। इस शिकायत पर जुलाना थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध चोरी का मुकदमा दर्ज किया।
पशु वाहन दल ने तकनीकी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया तो सुराग मिला कि इस चोरी में जिला कारागार में बंद उत्तर प्रदेश के शामली निवासी सारिक का हाथ है। पुलिस ने न्यायालय से उत्पादन वारंट प्राप्त कर सारिक को हिरासत में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपित को न्यायालय में प्रस्तुत कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि पशु चोरी की अन्य वारदातों का खुलासा किया जा सके।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि अपराध पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।









