सागर, 28 अप्रैल
सागर जिले के गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटोली कुमेरिया में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां एक मकान की छत अचानक ढह गई। घटना के समय परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। हादसे में 14 वर्षीय बालक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, भटोली कुमेरिया निवासी गोविंद लड़िया अपने परिवार के साथ घर में विश्राम कर रहे थे। सुबह करीब सात बजे अचानक मकान की छत की सीलिंग भरभराकर गिर पड़ी। भारी मलबा गिरने से गोविंद और उनका बेटा केशव लड़िया उसकी चपेट में आ गए। तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे दोनों को बाहर निकाला।
घायल पिता-पुत्र को तत्काल गढ़ाकोटा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद केशव को मृत घोषित कर दिया। गोविंद लड़िया की हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सागर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
ग्रामीणों के मुताबिक, हाल ही में हुई बेमौसम बारिश के चलते छत में पानी भर गया था, जिससे उसकी मजबूती कमजोर हो गई थी। पानी के दबाव और नमी के कारण सीमेंट की छत अचानक गिर गई और यह हादसा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासन ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।












