नई दिल्ली, 29 अप्रैल।
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर से जुड़ी सिटियस ट्रांसनेट इनवेस्टमेंट ट्रस्ट के शेयरों ने आज शेयर बाजार में मजबूत शुरुआत करते हुए प्रीमियम के साथ लिस्टिंग दर्ज की। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 100 रुपये के निर्गम मूल्य पर जारी किए गए थे, जबकि बाजार में इनकी शुरुआत बढ़त के साथ हुई।
बीएसई पर यह शेयर 4.5 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 104.50 रुपये पर सूचीबद्ध हुए, वहीं एनएसई पर 4.6 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 104.60 रुपये के स्तर पर लिस्टिंग दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में निवेशकों की खरीदारी से यह शेयर 107.13 रुपये तक पहुंच गया, हालांकि बाद में मुनाफावसूली के चलते इसमें हल्की गिरावट देखने को मिली।
दिन के अंत तक कारोबार में उतार-चढ़ाव के बीच यह शेयर एनएसई पर 6.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 106.23 रुपये पर और बीएसई पर 5.93 प्रतिशत की तेजी के साथ 105.93 रुपये पर बंद हुआ।
कंपनी का 1,105 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 से 21 अप्रैल के बीच निवेश के लिए खुला था, जिसे निवेशकों की ओर से मजबूत प्रतिक्रिया मिली। यह इश्यू कुल मिलाकर 20.42 गुना सब्सक्राइब हुआ, जिसमें संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी 23.21 गुना और गैर-संस्थागत निवेशकों की हिस्सेदारी 17 गुना तक पहुंची। इस सार्वजनिक निर्गम में 75 प्रतिशत हिस्सा संस्थागत निवेशकों और 25 प्रतिशत हिस्सा गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित था।
कंपनी की वित्तीय स्थिति के अनुसार, सेबी के पास जमा दस्तावेजों में बताया गया है कि इसकी आय और लाभ-हानि में लगातार उतार-चढ़ाव देखा गया है। वित्त वर्ष 2022-23 में कंपनी को 6,454.01 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था, जो अगले वर्ष 2023-24 में घटकर 774.12 करोड़ रुपये रह गया, जबकि 2024-25 में यह और घटकर 417.75 करोड़ रुपये पर आ गया। वर्तमान वित्त वर्ष में अप्रैल से दिसंबर 2025 तक कंपनी को 219.05 करोड़ रुपये का शुद्ध नुकसान दर्ज हुआ है।
राजस्व के मोर्चे पर कंपनी की स्थिति में लगातार सुधार देखने को मिला है। वित्त वर्ष 2022-23 में कुल राजस्व 1,885.30 करोड़ रुपये रहा, जो 2023-24 में बढ़कर 2,038.53 करोड़ रुपये और 2024-25 में बढ़ोतरी के साथ 2,65.62 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल से दिसंबर 2025 तक कंपनी का राजस्व 1,570.39 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।



.jpg)





.jpg)



