नई दिल्ली, 29 अप्रैल 2026।
घरेलू शेयर बाजार में आज के शुरुआती सत्र में सकारात्मक रुझान देखने को मिला। कारोबार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई, हालांकि शुरुआती समय में खरीदारों और विक्रेताओं के बीच हल्की खींचतान बनी रही, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में मामूली उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। लेकिन करीब 20 मिनट के भीतर ही बाजार में खरीदारी का दबाव बढ़ गया, जिसके कारण दोनों प्रमुख सूचकांकों में तेजी लगातार मजबूत होती गई। सुबह 10 बजे तक के कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी लगभग 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार करते नजर आए।
सुबह 10 बजे तक की स्थिति में प्रमुख शेयरों में मारुति सुजुकी, आईटीसी, आयशर मोटर्स, मैक्स हेल्थकेयर और टेक महिंद्रा के स्टॉक्स 4.14 प्रतिशत से लेकर 1.73 प्रतिशत तक चढ़कर कारोबार कर रहे थे। इसके विपरीत जेएसडब्ल्यू स्टील, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर 1.89 प्रतिशत से लेकर 0.75 प्रतिशत तक गिरावट के साथ कारोबार करते दिखाई दिए।
अब तक के लेनदेन में कुल 2,617 शेयरों में सक्रिय कारोबार हुआ, जिनमें से 1,942 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में रहे, जबकि 675 शेयर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में तेजी बनी रही, जबकि 10 शेयर दबाव में रहे। इसी तरह निफ्टी के 50 शेयरों में से 35 शेयर लाभ में और 15 शेयर नुकसान के साथ कारोबार करते नजर आए।
बीएसई सेंसेक्स ने आज 358.92 अंकों की बढ़त के साथ 77,245.83 के स्तर पर शुरुआत की। शुरुआती समय में इसमें हल्की गिरावट भी आई और यह 77,136.20 तक पहुंचा, लेकिन नकारात्मक स्तर में जाने से पहले ही खरीदारी बढ़ने से सूचकांक में तेजी लौट आई। पहले 20 मिनट के बाद बाजार में मजबूती का रुख और स्पष्ट हो गया। सुबह 10 बजे तक सेंसेक्स 583.26 अंक की तेजी के साथ 77,470.17 पर कारोबार कर रहा था।
एनएसई निफ्टी ने भी 101.20 अंक की बढ़त के साथ 24,096.90 के स्तर पर कारोबार शुरू किया। शुरुआती दबाव के चलते यह 24,059.95 तक नीचे आया, लेकिन इसके बाद खरीदारी बढ़ने से सूचकांक ने फिर से तेजी पकड़ ली। सुबह 10 बजे तक निफ्टी 181.55 अंक की मजबूती के साथ 24,177.25 के स्तर पर पहुंच गया।
इससे पहले मंगलवार को सेंसेक्स 416.72 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76,886.91 पर बंद हुआ था, वहीं निफ्टी 97 अंक यानी 0.40 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 23,995.70 पर बंद हुआ था।






.jpg)






