मंदसौर, 28 अप्रैल
मंदसौर जिले में 3 मई को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को कलेक्टर अदिती गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने केंद्रीय विद्यालय, पीजी कॉलेज, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय तथा महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान अभ्यर्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने पेयजल, छांव, टेंट, टेबल-कुर्सी और परीक्षा कक्षों में समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
साथ ही परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, कक्षाओं में पंखों की पर्याप्त व्यवस्था रखने, स्वच्छ एवं कार्यशील शौचालय उपलब्ध कराने तथा दरवाजे-खिड़कियों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं।
शहर में परीक्षा के लिए लाल बहादुर शास्त्री शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय, स्टेशन रोड, महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, गांधी चौराहा, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय तथा राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा का आयोजन दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक किया जाएगा और इसे शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने पर जोर दिया गया है।












