जोधपुर, 20 अप्रैल
जिला पूर्व पुलिस ने एएनटीएफ की सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई बनाड़ थाना क्षेत्र में की गई, जहां लंबे समय से वांछित अपराधी की तलाश जारी थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी बनाड़ थाने का हिस्ट्रीशीटर और हार्डकोर अपराधी है, जिसकी पहचान शोभाराम उर्फ शोभराज जाट पुत्र दीपाराम के रूप में हुई है। आरोपी पीपाड़ शहर के मलार क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में रमजान का हत्था बनाड़ में रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक आरोपी के खिलाफ जनवरी माह में महामंदिर थाने में आम्र्स एक्ट और संगठित गिरोह से जुड़े मामलों में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था और उसे वांटेड घोषित किया गया था।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एएनटीएफ से मिली सूचना के आधार पर डीएसटी पूर्व और डांगियावास पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को एक स्थान से दबोच लिया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। इस कार्रवाई को पुलिस ने बड़ी सफलता माना है और आगे भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।








.jpg)

