अपराध
11 May, 2026

जेल से धमकी वीडियो वायरल करने वाला शातिर बदमाश गिरफ्तार

जयपुर सेंट्रल जेल से धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले मुख्य आरोपी जगदीप पहलवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर मोबाइल और डिजिटल सबूत बरामद किए हैं।

जयपुर, 11 मई।

केंद्रीय कारागृह जयपुर में मोबाइल फोन का अवैध उपयोग कर धमकी भरा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर बदमाश जगदीप पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल भी बरामद किया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सितंबर 2025 में सेंट्रल जेल के भीतर कुछ कैदियों ने निषिद्ध स्मार्टफोन का उपयोग कर एक धमकी भरा वीडियो तैयार किया था। इसके बाद इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर एक आईडी के जरिए वायरल कर दिया गया, जिससे मामला गंभीर हो गया।

इस घटना के बाद लालकोठी थाना पुलिस ने आईटी एक्ट, बीएनएस और कारागार अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। शुरुआती कार्रवाई में जेल के अंदर वीडियो बनाने वाले छह आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। इनमें निखिल, अंकित जाट, प्रमोद स्वामी, राकेश गुर्जर, देशराज गुर्जर और रवि उर्फ रविंद्र गुर्जर शामिल थे।

हालांकि वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने वाला मुख्य आरोपी जगदीप उर्फ कीडू पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। वह जमानत पर बाहर आने के बाद फरार हो गया था और गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना मोबाइल भी तोड़ चुका था।

पुलिस ने तकनीकी इनपुट और विशेष टीम की मदद से लगातार तलाश के बाद आरोपी को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 33 वर्षीय जगदीप पहलवान उर्फ कीडू निवासी सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ जयपुर के करधनी थाने में दर्ज एक पुराने मामले में भी फरार होने की जानकारी सामने आई है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन बरामद कर लिया और संबंधित इंस्टाग्राम आईडी को बंद करवाकर धमकी भरा वीडियो हटवा दिया। आरोपी वर्तमान में न्यायिक अभिरक्षा में है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़