मध्य प्रदेश
11 Apr, 2026

डिंडौरी में दशगात्र भोज के बाद 70 से अधिक लोग बीमार, फूड पॉइजनिंग की आशंका

डिंडौरी जिले के झामझोला गांव में दशगात्र भोज के बाद 70 से अधिक लोग बीमार पड़ गए, फूड पॉइजनिंग की आशंका पर स्वास्थ्य विभाग ने जांच और इलाज शुरू किया।

डिंडौरी, 11 अप्रैल।

डिंडौरी जिले के मेहंदवानी जनपद के ग्राम झामझोला में शुक्रवार रात आयोजित दशगात्र भोज के बाद 70 से अधिक ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी प्रभावित लोगों को मेहंदवानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और मंडला जिले के मोहगांव सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में पहुंच गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात सुखचैन धुर्वे के निवास पर दशगात्र कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने भोजन ग्रहण किया था। इसमें पूड़ी, सब्जी, दाल और चावल परोसे गए थे। भोजन करने के बाद लोग अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन रात करीब 12 बजे कई लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी और स्थिति धीरे-धीरे गंभीर होती चली गई।

शनिवार सुबह तक बड़ी संख्या में मरीज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने लगे। गंभीर स्थिति वाले कुछ मरीजों को मंडला जिले के मोहगांव अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है। फिलहाल सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी के बाद स्वास्थ्य, पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर सक्रिय हो गईं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर मेडिकल टीम ने गांव में अस्थायी शिविर लगाकर इलाज शुरू कर दिया है। मरीजों को आवश्यक दवाइयां दी जा रही हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अधिकारी के अनुसार मोहगांव अस्पताल में 50 से अधिक और मेहंदवानी में 20 से ज्यादा लोगों का इलाज चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भोजन के बाद ही तबीयत बिगड़ी, जिससे फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है।

प्रशासन ने भोज में उपयोग किए गए भोजन के नमूने जांच के लिए भेज दिए हैं। प्रारंभिक अनुमान फूड पॉइजनिंग का है, हालांकि वास्तविक कारण रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। ग्रामीणों से अपील की गई है कि स्वास्थ्य बिगड़ने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचे और क्षेत्र में स्वच्छता व सुरक्षित पेयजल व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया है।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

19° / 34°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़