इंदौर, 30 अप्रैल।
धार जिले में बुधवार रात हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना में घायल मरीजों का हाल जानने के लिए इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े गुरुवार को श्री अरबिंदो अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने अस्पताल प्रमुख डॉ. महक भंडारी से घायलों की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने अस्पताल के आईसीयू में भर्ती मरीजों से मुलाकात की और उनके उपचार की प्रगति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने केसर भाई, निर्मला बाई, विक्रम भाई, आशा बाई, बेबी मनीषा और निशा से भेंट कर उन्हें आश्वस्त किया कि सभी का उपचार पूरी गंभीरता और व्यवस्था के साथ किया जा रहा है।
उन्होंने चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी घायलों का उपचार पूरी जिम्मेदारी के साथ किया जाए। समय पर दवाइयों और आवश्यक जांच की व्यवस्था सुनिश्चित हो तथा किसी भी मरीज को असुविधा न हो। इसके साथ ही उन्होंने मरीजों के परिजनों से भी संवाद कर उन्हें भरोसा दिलाया कि अस्पताल में सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी, डॉ. राघवेंद्र रायंगर, अरबिंदो अस्पताल प्रबंधन के अधिकारी राजीव सिंह सहित अन्य चिकित्सक मौजूद रहे।
संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सभी घायलों का उपचार निःशुल्क किया जा रहा है। गंभीर घायलों को एक-एक लाख रुपये तथा अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये सहायता राशि देने की घोषणा की गई है। अंत में उन्होंने सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।






.jpg)





