नई दिल्ली, 15 मई।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को श्रीलंका की महिला सांसदों के प्रतिनिधिमंडल का राजधानी में स्वागत किया और भारत-श्रीलंका संबंधों को महिला नेतृत्व के माध्यम से और मजबूत बनाने पर बल दिया।
यह प्रतिनिधिमंडल श्रीलंका की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री सरोजा सावित्री पॉलराज के नेतृत्व में भारत पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा को अहम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर साझा संदेश में कहा कि श्रीलंका के लोकतांत्रिक सफर में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी सामाजिक परिवर्तन का संकेत है और यह दोनों देशों के बीच सहयोग की नई संभावनाओं को भी मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि भारत और श्रीलंका गहरे सभ्यतागत रिश्तों, लोकतांत्रिक परंपराओं और मजबूत जनसंपर्कों से जुड़े हुए हैं, जो दोनों देशों की मित्रता को और अधिक सशक्त आधार प्रदान करते हैं।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह दौरा भारत और श्रीलंका के बीच आपसी संबंधों को नई मजबूती देगा तथा महिला नेतृत्व के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






.jpg)




