काठमांडू, 15 मई।
नेपाल में प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सरकारी दफ्तरों में सार्वजनिक खर्च को नियंत्रित करने और अनावश्यक खरीद पर रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। निर्देश में कहा गया है कि अत्यावश्यक आवश्यकताओं को छोड़कर किसी भी नए सामान की खरीद नहीं की जाएगी और व्यय में मितव्ययिता अपनाई जाएगी।
पीएमओ ने सभी मंत्रालयों, आयोगों, सचिवालयों, सरकारी कार्यालयों, निकायों, मुख्यमंत्रियों और मंत्रिपरिषद कार्यालयों सहित प्रदेश सरकारों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि केवल जरूरी वस्तुओं की ही खरीद की जाए। यह जानकारी सुशासन, भ्रष्टाचार नियंत्रण तथा कर्मचारी पृष्ठपोषण शाखा के एक अधिकारी ने दी है।
निर्देश में कहा गया है कि कार्यालय प्रमुख सुनिश्चित करें कि बिना आवश्यकता किसी भी नए सामान की खरीद न हो और पहले से मौजूद सामग्री जैसे फर्नीचर, उपकरण, वाहन और अन्य संसाधनों का ही सही उपयोग किया जाए। इसके साथ ही उन्हें चालू हालत में बनाए रखने पर जोर दिया गया है ताकि अतिरिक्त खर्च से बचा जा सके।
पीएमओ ने यह भी बताया है कि कई जगहों पर उपयोग योग्य कुर्सी, अलमारी, सोफा, कालीन, पर्दे, गमले, कंप्यूटर, मोबाइल और लैपटॉप जैसे सामानों को बिना जरूरत बदला जा रहा है, जिससे राज्य कोष पर अनावश्यक भार पड़ रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए यह निर्देश जारी कर सार्वजनिक खर्च में अनुशासन लाने पर जोर दिया गया है।








.jpg)


