बीजिंग, 15 मई।
चीन की विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने राजधानी के ‘टेंपल ऑफ हेवन’ स्थित ‘हॉल ऑफ प्रेयर फॉर गुड हार्वेस्ट्स’ के दौरे से जुड़ी तस्वीरें साझा कीं, जिनमें राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और उनके परिवार नजर आए। उन्होंने कहा कि इस दौरान शी जिनपिंग ने ट्रंप और उनके परिवार को सभी जीवों के बीच सद्भाव की अवधारणा और प्रकृति के नियमों के प्रति सम्मान का महत्व समझाया। ट्रंप अपने राजकीय दौरे के तीसरे दिन बीजिंग में मौजूद हैं और उन्होंने गुरुवार को इस ऐतिहासिक स्थल का भ्रमण किया था।
एक अन्य पोस्ट में माओ निंग ने उल्लेख किया कि शी जिनपिंग का मानना है कि चीन और अमेरिका दोनों देशों के नागरिक महान हैं और चीन का पुनरुद्धार तथा अमेरिका को फिर से महान बनाने की प्रक्रिया साथ-साथ आगे बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि दोनों देश एक-दूसरे की सफलता में सहयोग कर सकते हैं और वैश्विक कल्याण में योगदान दे सकते हैं। उनके अनुसार चीन-अमेरिका संबंध न केवल दोनों देशों की बड़ी आबादी से जुड़े हैं, बल्कि पूरी दुनिया के व्यापक हितों को भी प्रभावित करते हैं।
टेंपल ऑफ हेवन में दौरे के दौरान शी जिनपिंग ने प्राकृतिक नियमों के सम्मान और प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने पर जोर दिया। उन्होंने इस विचार को चीनी विश्वदृष्टि का हिस्सा बताया, जो स्वर्ग और मानवता के बीच सामंजस्य को दर्शाता है। इस दर्शन को आधुनिक चीन ने अपनी पारिस्थितिक सोच का आधार भी बनाया है, जो मानव और प्रकृति के बीच सह-अस्तित्व पर आधारित है और इसकी जड़ें ताओवाद तथा कन्फ्यूशियसवाद में मानी जाती हैं, जहां मनुष्य को प्रकृति का हिस्सा मानकर उसके नियमों का पालन और संरक्षण आवश्यक बताया गया है।








.jpg)


