जयपुर, 09 अप्रैल।
महेश नगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहलाकर रख दिया, जब घर के बाहर बैठी बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार वैन ने कुचल दिया। हादसे में महिला को लगभग 15 फीट तक घसीटते हुए ले जाया गया, जिससे उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई और बाद में अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार हादसे के समय बुजुर्ग महिला कलावती गुर्जर (63) घर के बाहर बैठकर आस-पास खड़े लोगों से बातचीत कर रही थीं। महिला अस्थमा की मरीज थीं और सांस लेने में दिक्कत के कारण बाहर बैठी थीं। तभी गली में खड़ी वैन को चालक ने लापरवाही से स्टार्ट किया और महिला की ओर बढ़ा दिया।
वैन ने महिला को टक्कर मारते हुए नीचे गिरा दिया और करीब 15 फीट तक घसीटते हुए निकल गई। पास में खड़े दो लोग समय रहते पीछे हट गए, जिससे उनकी जान बच गई। हादसे के बाद चालक वैन को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
क्षेत्र में हादसे की सूचना फैलते ही अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर आ गए। गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और वैन को जब्त कर लिया।
जांच अधिकारी एएसआई महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के पति हनुमान सहाय का एक माह पहले ही निधन हो चुका था और उनके तीन बेटे हैं। पुलिस घटना के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।





.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
