कोलकाता, 22 अप्रैल।
कलकत्ता उच्च न्यायालय में निर्वाचन आयोग के उस आदेश को चुनौती दी गई है, जिसमें चुनावी अवधि के दौरान बाइक संचालन पर विभिन्न प्रतिबंध लगाए गए हैं। याचिका पर न्यायमूर्ति कृष्ण राव ने दायर करने की अनुमति प्रदान कर दी है और मामले की सुनवाई गुरुवार को होने की संभावना जताई जा रही है।
याचिकाकर्ता की ओर से अदालत में यह तर्क दिया गया कि बाइक के उपयोग पर लगाए गए प्रतिबंधों से आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ेगा और दैनिक गतिविधियां प्रभावित होंगी।
उल्लेखनीय है कि विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए निर्वाचन आयोग ने मतदान से दो दिन पूर्व से बाइक रैलियों पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही शाम 6 बजे से सुबह 6 बजे तक बाइक संचालन पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा। मतदान दिवस पर भी बाइक के उपयोग के लिए कई शर्तें निर्धारित की गई हैं, हालांकि कुछ विशेष श्रेणियों को इन नियमों से छूट दी गई है।
इन्हीं निर्देशों को अब न्यायालय में चुनौती दी गई है, जिस पर अगली सुनवाई में विस्तृत विचार किया जाएगा।






.jpg)




