भोपाल, 11 अप्रैल 2026।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की सीमाओं पर जवान और खेतों में किसान दोनों का समान महत्व है, क्योंकि दोनों ही अपनी मिट्टी की सेवा में पूरी निष्ठा से लगे रहते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत के बिना भोजन की थाली अधूरी रह जाती है। उन्होंने सरकार की ओर से किसानों के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि गांव, गरीब, नारी, युवा और कृषि क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे।
रायसेन जिला मुख्यालय के दशहरा मैदान में आयोजित तीन दिवसीय “उन्नत कृषि महोत्सव-2026” के शुभारंभ अवसर पर उन्होंने कहा कि किसान देश की पूंजी हैं और उनकी मुस्कान ही सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि खेती जोखिम भरा कार्य है, फिर भी किसान पूरी लगन से देश का पेट भरते हैं और उनका कल्याण सरकार की प्राथमिकता है।
राजनाथ सिंह ने स्वयं को किसान पुत्र बताते हुए कहा कि वे किसानों की समस्याओं और जरूरतों से भलीभांति परिचित हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को किसानों के हित में एक बड़ा कदम बताते हुए कहा कि इसके तहत हर पात्र किसान को 6000 रुपये की सहायता सीधे बैंक खातों में दी जा रही है, जिससे वे खेती के जरूरी संसाधन खरीद सकें। उन्होंने बताया कि अब तक सरकार हजारों करोड़ रुपये की सहायता किसानों को दे चुकी है।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में कृषि महोत्सव का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान स्वॉइल मोबाइल ऐप ई-फॉर्म लॉन्च किया गया, जिससे किसान अपने खेत की मिट्टी की जांच स्वयं कर सकेंगे। किसानों को विभिन्न योजनाओं के लाभ भी प्रदान किए गए और कृषि विकास पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई। यह महोत्सव 13 अप्रैल तक जारी रहेगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश तेज गति से विकास कर रहा है और कृषि महोत्सव किसानों की आर्थिक स्थिति सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को बिचौलियों से मुक्त बाजार, भंडारण और कोल्ड स्टोरेज जैसी सुविधाओं की जानकारी दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच का कार्य कर रही है और सरकार ने गांव-गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई हैं।
उन्होंने बताया कि सेना की छावनियों के आसपास प्राकृतिक खेती से प्राप्त फल और सब्जियों को अपनाने से जवानों का स्वास्थ्य बेहतर हुआ है और किसानों की आय भी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं और युवा आधुनिक तकनीक अपनाकर इसे और आगे बढ़ा सकते हैं।












