अपराध
09 May, 2026

जमीन में धन निकालने का झांसा देकर 15 लाख की ठगी, 24 घंटे में तांत्रिक गिरफ्तार

जोधपुर में जमीन में गड़ा खजाना निकालने का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपये की ठगी करने वाले कथित तांत्रिक को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

जोधपुर, 09 मई।

जोधपुर ग्रामीण क्षेत्र में जमीन के नीचे छिपा धन निकालने का झांसा देकर करीब 15 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक कथित तांत्रिक को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई खेड़ापा थाना क्षेत्र में दर्ज मामले के आधार पर की गई।

पुलिस ने जिस आरोपी को पकड़ा है, उसकी पहचान बोरुंदा निवासी उम्मेद जोशी उर्फ दीपक जोशी के रूप में हुई है, जो पिता फूलचंद जोशी उर्फ राधेश्याम का पुत्र बताया गया है। वह वर्तमान में महामंदिर थाना क्षेत्र के शक्तिनगर इलाके में किराए के मकान में रह रहा था।

मामले में 6 मई को बावड़ी निवासी भगवानराम ने खेड़ापा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि करीब दो महीने पहले उसे एक पर्चा मिला था, जिसमें मां दित्या ज्योतिष के नाम से घर और व्यापार की समस्याओं के समाधान का दावा किया गया था।

पीड़ित अपने एक साथी के साथ जब कथित कार्यालय पहुंचा तो वहां तांत्रिक ने कुंडली देखकर घर में भारी मात्रा में सोना दबे होने का दावा किया और उसे निकालने के बदले 15 लाख रुपये की मांग कर दी।

इसके बाद पीड़ित ने कुल 14 लाख 52 हजार 320 रुपये नकद और बैंक खाते के माध्यम से आरोपी को दे दिए। नौ अप्रैल को आरोपी उसके घर पहुंचा और गड्ढा खुदवाकर पीड़ित, उसके परिजनों और साथियों को भ्रमित कर वहीं रोक दिया।

आरोपी ने तांबे जैसा दिखने वाला कलश दिखाकर उसे सोना बताया और घर में रखवा दिया। इसके साथ ही एक नकली सांप दिखाकर जान का डर पैदा किया और इसी भय के सहारे पैसे हड़प लिए।

ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पी डी नीत्या ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई थी। जांच के दौरान उसके पास अलग-अलग स्थानों के कई आधार कार्ड भी मिले, जिससे उसकी गतिविधियों पर संदेह और गहरा गया।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 39°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़