टॉप न्यूज़
07 Apr, 2026

गोवा में ज़ोन 7 का पहला सीपीए सम्मेलन, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे उद्घाटन

कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (सीपीए) इंडिया के ज़ोन 7 का पहला दो दिवसीय सम्मेलन 9 अप्रैल से गोवा में आयोजित होगा। यह सम्मेलन संसदीय सहयोग और क्षेत्रीय विकास पर केंद्रित रहेगा।

नई दिल्ली, 07 अप्रैल

संसदीय लोकतंत्र को मजबूत बनाने और क्षेत्रीय विकास के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (सीपीए) इंडिया क्षेत्र के ज़ोन 7 का पहला दो दिवसीय सम्मेलन 9 अप्रैल से गोवा की राजधानी पणजी में आयोजित होगा। इस सम्मेलन का उद्घाटन लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे।

लोकसभा सचिवालय के अनुसार, यह ज़ोन 7 गोवा, गुजरात और महाराष्ट्र की विधानसभाओं के समेकन से 2024 में बनाकर पुनर्गठित किया गया था। पुनर्गठन के बाद यह ज़ोन 7 का पहला आधिकारिक सम्मेलन होगा। वर्तमान में गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष इस जोन के अध्यक्ष हैं।

दो दिवसीय सम्मेलन में भारत के भविष्य और क्षेत्रीय चुनौतियों को लेकर दो मुख्य विषयों पर चर्चा होगी। इसमें 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवा विधायकों की भूमिका और जिम्मेदारी, तथा ज़ोन 7 के राज्यों में व्यापार, पर्यटन, शहरीकरण, पर्यावरण और तटीय संपर्क के क्षेत्र में सुधार और समन्वय शामिल है।

सम्मेलन का समापन 10 अप्रैल को होगा। समापन सत्र में गोवा के राज्यपाल पी. अशोक गजपति राजू मुख्य अतिथि होंगे, जबकि लोकसभा अध्यक्ष भी उपस्थित रहेंगे।

यह आयोजन संसदीय सहयोग को बढ़ावा देने और विभिन्न राज्यों के विधायी अनुभव साझा करने के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित होगा, जिससे क्षेत्रीय विकास की दिशा में नये अवसर पैदा होंगे।

इस अवसर पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत, महाराष्ट्र विधान परिषद के सभापति प्रो. राम शिंदे, महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर और गुजरात विधानसभा के अध्यक्ष शंकरभाई चौधरी अपने विचार साझा करेंगे। आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, राजस्थान और तेलंगाना की विधानसभाओं के पीठासीन अधिकारी, गोवा के केंद्रीय मंत्री, सांसद और तीनों राज्य के विधायक भी सम्मेलन में भाग लेंगे। स्वागत भाषण गोवा विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. गणेश गांवकर देंगे, जबकि धन्यवाद प्रस्ताव विधायी कार्य मंत्री मौविन गोडिन्हो प्रस्तुत करेंगे।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़