मौसम
07 May, 2026

हिमाचल में मौसम का बदला मिजाज, बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में लगातार बदलते मौसम के बीच कई क्षेत्रों में बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि का असर देखने को मिल रहा है, जिससे किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है।

शिमला, 07 मई।

हिमाचल प्रदेश में मई महीने के दौरान भी मौसम का रुख लगातार अस्थिर बना हुआ है और कई क्षेत्रों में बादलों की मौजूदगी के साथ हल्की बारिश का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहे, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आज और कल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, हालांकि 9 और 10 मई को मौसम के साफ रहने का अनुमान है, जिसके बाद फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 11, 12 और 13 मई के दौरान प्रदेश में बारिश के साथ तेज हवाएं और बिजली कड़कने की घटनाएं होने की आशंका है। इन तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

बीते 24 घंटों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा रिकॉर्ड की गई, जिसमें सराहन में सबसे अधिक 20 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा रोहड़ू में 12, पंडोह में 11, कसौली में 9, मंडी में 7 और सुजानपुर टीहरा में 6 मिलीमीटर वर्षा हुई। शिमला, जुब्बड़हट्टी, सुंदरनगर, कांगड़ा, भुंतर और जोत में तेज हवाओं और बिजली कड़कने की घटनाएं भी सामने आईं।

मई महीने में हो रही इस बेमौसमी बारिश और ओलावृष्टि से किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ गई है। शिमला जिले के ऊपरी क्षेत्रों में ओलावृष्टि से सेब की फसल प्रभावित हो रही है, वहीं निचले और मैदानी इलाकों में गेहूं की कटाई और मड़ाई का कार्य बारिश के कारण बाधित हो रहा है। कई स्थानों पर खेतों में रखी गेहूं की फसल के भीगने से नुकसान की स्थिति बन रही है।

बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। केलांग में सबसे कम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि कल्पा में 4.4, ताबो में 5.2, कुकुमसेरी में 5.1, कुफरी में 6.6, मनाली में 8.4, सराहन में 9.3, सियोबाग में 9.5, धर्मशाला में 10.6, शिमला में 12, डलहौजी में 12.4, सोलन में 13, पालमपुर में 13.5, चंबा में 13.6, जुब्बड़हट्टी में 14.2, सुंदरनगर में 14.5, मंडी में 14.6, कांगड़ा में 15.7, ऊना में 17.4 और बिलासपुर में 18 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

|
आज का राशिफल

इस सप्ताह आपके लिए अनुकूल समय है। पेशेवर मोर्चे पर सफलता मिलने के योग हैं। व्यक्तिगत जीवन में भी सुकून और संतोष रहेगा।
भाग्यशाली रंग: लाल
भाग्यशाली अंक: 9
मंत्र: "ॐ हं राम रामाय नमः"

आज का मौसम

भोपाल

26° / 38°

SUNNY

ट्रेंडिंग न्यूज़