नई दिल्ली, 06 मई।
देश के उत्तर, मध्य और दक्षिण हिस्सों में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। छत्तीसगढ़ में मंगलवार को हुई तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। कांकेर के चारामा क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर घुटनों तक पानी भर गया, वहीं मनेंद्रगढ़ के जनकपुर में बारिश का पानी घरों तक पहुंच गया। पेंड्रा क्षेत्र में तेज आंधी के कारण कई पेड़ गिर गए।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। राजस्थान में भी बाड़मेर और फलोदी को छोड़कर अन्य शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे बना रहा। दूसरी ओर बिहार और मध्य प्रदेश में भी वर्षा का दौर जारी है। बिहार में बीते 24 घंटे में 89.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 182 प्रतिशत अधिक है। राज्य में 7 मई तक आंधी और बारिश जारी रहने की संभावना है। मध्य प्रदेश के 28 जिलों में तेज हवाओं के साथ वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में परिस्थितियां और अधिक उतार-चढ़ाव भरी हो सकती हैं। अरब सागर में मानसून-पूर्व चक्रवाती गतिविधियों के संकेत मिल रहे हैं, वहीं उत्तर भारत में बारिश के बाद फिर से गर्मी का असर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। 10 मई के बाद मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के भूमध्यरेखीय क्षेत्र में एक चक्रवाती तंत्र बनने की संभावना है, जो बारिश और तूफान का कारण बन सकता है।
7 मई को असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में बिजली गिरने और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा में भी आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
8 मई को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में तेज आंधी और वर्षा का अलर्ट है, जबकि बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।









.jpg)



