धमतरी, 5 मई।
छत्तीसगढ़ में पड़ रही तेज गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखाई देने लगा है। धमतरी शहर में तापमान बढ़कर लगभग 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरने लगा है और लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए हैं।
शहर के गोल बाजार, सदर बाजार मार्ग, मकई चौक, बालक चौक और मठ मंदिर चौक जैसे व्यस्त क्षेत्रों में दोपहर के समय आवाजाही बेहद कम हो गई है। सामान्य दिनों में जहां इन स्थानों पर भारी भीड़ रहती थी, वहीं अब दुकानों के खुले रहने के बावजूद ग्राहक नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है।
गर्मी के कारण लोगों ने अपनी दिनचर्या में बदलाव करते हुए खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए शाम का समय चुनना शुरू कर दिया है। शाम होते ही बाजारों में फिर से रौनक लौट आती है और लोगों की भीड़ बढ़ने लगती है।
भीषण गर्मी से बचाव के लिए लोग टोपी, स्कार्फ और धूप के चश्मों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे इन वस्तुओं की बिक्री में भी अचानक बढ़ोतरी देखी जा रही है। कई अस्थायी दुकानों पर भी इन सामानों की अच्छी मांग बनी हुई है।
नेत्र रोग विशेषज्ञों ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के अनुसार तेज धूप में बिना सुरक्षा के बाहर निकलना आंखों के लिए हानिकारक हो सकता है, क्योंकि पराबैंगनी किरणें दृष्टि पर विपरीत असर डाल सकती हैं।
इधर, गर्मी को देखते हुए शहर में कई सामाजिक संगठनों ने राहगीरों के लिए प्याऊ की व्यवस्था शुरू की है, जहां ठंडा पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल रही है।



.jpg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)