देहरादून, 26 मई ।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी 4 और 5 जून को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अल्मोड़ा में जनसभा को संबोधित करेंगे और पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे का कार्यक्रम तय हो चुका है। तय कार्यक्रम के अनुसार 4 जून को वह सुबह अल्मोड़ा पहुंचेंगे और जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद दोपहर में पौड़ी पहुंचकर पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे।
दौरे के दूसरे दिन 5 जून को राहुल गांधी देहरादून में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सैनिक प्रकोष्ठ और विभिन्न जिलाध्यक्ष भी शामिल रहेंगे।
पार्टी संगठन राहुल गांधी के दौरे को लेकर तैयारियों में जुट गया है। कांग्रेस की ओर से अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रमों में शामिल होने की अपील की गई है।
राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीति पर भी चर्चा हो सकती है।















