नई दिल्ली, 26 मई ।
कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच कांग्रेस ने मंगलवार को साफ किया कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ हुई बैठकों में नेतृत्व बदलाव को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। पार्टी ने इन अटकलों को निराधार बताते हुए कहा कि बैठक का केंद्र केवल आगामी राज्यसभा और विधान परिषद चुनाव रहे।
दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में दिनभर कई दौर की बैठकें चलीं। पहले मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कांग्रेस नेतृत्व के साथ चर्चा की। इसके बाद उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ अलग बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
बैठक के बाद पार्टी की ओर से कहा गया कि मीडिया में चल रही नेतृत्व परिवर्तन की खबरें केवल कयास हैं और उनमें कोई सच्चाई नहीं है। पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि चर्चा का विषय आगामी राज्यसभा और परिषद चुनावों की रणनीति तथा उम्मीदवारों को लेकर था।
कांग्रेस ने यह भी संकेत दिए कि कर्नाटक से राज्यसभा और विधान परिषद सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा अन्य राज्यों की सीटों के साथ की जाएगी। इसे लेकर पार्टी स्तर पर मंथन जारी है।
इससे पहले मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दिल्ली पहुंचकर कर्नाटक भवन में कई मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इसके बाद वह पार्टी मुख्यालय पहुंचे, जहां शीर्ष नेतृत्व के साथ अलग-अलग दौर की चर्चाएं हुईं।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली रवाना होने से पहले सिद्धारमैया ने कहा था कि उन्हें पार्टी मुख्यालय बुलाया गया है, हालांकि बैठक के एजेंडे की जानकारी उन्हें नहीं दी गई थी। इसी के बाद राज्य में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था।















