गंगटोक, 26 मई ।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार दोपहर राजधानी गंगटोक के रिज पार्क स्थित ऑर्किडेरियम का दौरा किया, जहां उन्होंने सिक्किम की समृद्ध पुष्प विविधता और जैवविविधता से जुड़ी विशेषताओं का अवलोकन किया।
इस अवसर पर उनके साथ राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर, मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी कॉम्प्लेक्स में स्थित यह ऑर्किडेरियम सिक्किम की फूलों की विरासत, इको-टूरिज्म और सतत पर्यटन विकास के संरक्षण के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यहां दुर्लभ एवं स्वदेशी ऑर्किड प्रजातियों का संग्रह राज्य की प्राकृतिक संपदा को प्रदर्शित करता है।
दौरे के दौरान राष्ट्रपति को सिक्किम में पाई जाने वाली 507 ऑर्किड प्रजातियों के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर सिंबिडियम ‘नमो’ नामक विशेष ऑर्किड प्रजाति विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सम्मान में नामित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि स्वर्ण जयंती मैत्रेय मंजरी का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्ष 2025 में वर्चुअल माध्यम से किया था और हाल ही में उन्होंने सिक्किम दौरे के दौरान ऑर्किडेरियम का निरीक्षण भी किया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू तीन दिवसीय दौरे पर सिक्किम पहुंची हैं। कार्यक्रम के तहत उन्होंने शाम को देवराली स्थित नामग्याल इंस्टीट्यूट ऑफ तिब्बतोलॉजी का भी दौरा किया।
आगामी कार्यक्रमों में राष्ट्रपति कल नाथूला दर्रे का दौरा करेंगी और उसके बाद सिक्किम विश्वविद्यालय के 7वें दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। दौरे के अंतिम दिन 28 मई को वह पाल्जोर स्टेडियम में आयोजित अलंकरण समारोह में सिक्किम पुलिस को राष्ट्रपति का ‘पुलिस कलर’ प्रदान करेंगी, जो देश में उत्कृष्ट सेवा के लिए दिया जाने वाला सम्मान है। सिक्किम यह सम्मान पाने वाला देश का 15वां राज्य होगा।




.jpg)










