नई दिल्ली, 26 मई ।
विश्व धरोहर स्थल खजुराहो स्थित पश्चिमी मंदिर समूह में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के 25 दिवसीय काउंटडाउन की शुरुआत के अवसर पर बुधवार को योग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।
मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की राष्ट्रव्यापी तैयारियों का औपचारिक चरण शुरू हो जाएगा। यह आयोजन 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
कार्यक्रम से पूर्व केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि यह योग महोत्सव देशभर में योग के विस्तार और जनभागीदारी को बढ़ाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 से पहले जागरूकता बढ़ाने और व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 100 स्थानों पर 100 संस्थानों के सहयोग से 100 दिवसीय राष्ट्रव्यापी काउंटडाउन अभियान चला रहा है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर योग को वैश्विक स्तर पर पहचान मिली है और 2014 में संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस घोषित होने के बाद यह स्वास्थ्य और कल्याण का वैश्विक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने बताया कि ‘योग 365 दिन’ पहल के तहत 21 जून तक 100 दिवसीय निःशुल्क योग प्रशिक्षण अभियान जारी है, जिसमें दो लाख से अधिक प्रतिभागी योग मित्र के रूप में पंजीकृत हो चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा का महत्वपूर्ण उपहार है, जो आज जीवनशैली से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के रूप में एक वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित स्वास्थ्य साधन बनकर उभर रहा है।
यह कार्यक्रम सुबह छह बजे प्रारंभ होगा, जिसमें देशभर से योग अभ्यासकर्ता, विद्यार्थी, अधिकारी एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिक सामूहिक रूप से सामान्य योग अभ्यासक्रम का पालन करेंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव और मध्य प्रदेश सरकार के आयुष विभाग के राज्य मंत्री इंदर सिंह परमार सहित कई अधिकारी एवं विशेषज्ञ भी उपस्थित रहेंगे।




.jpg)










