नई दिल्ली, 29 मई।
हेल्थकेयर सेक्टर की डायग्नोस्टिक इक्विपमेंट निर्माता कंपनी 'क्यू-लाइन बायोटेक' ने शेयर बाजार में शानदार आगाज किया है। कंपनी के आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त समर्थन मिला था, जिसका असर आज लिस्टिंग के दौरान भी देखने को मिला। एनएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर कंपनी का शेयर 343 रुपये के निर्गम मूल्य के मुकाबले 32 प्रतिशत के भारी उछाल के साथ 452 रुपये पर सूचीबद्ध हुआ।
लिस्टिंग के बाद बाजार में शेयरों की सक्रिय खरीद-बिक्री देखी गई। शुरुआती कारोबार के दौरान शेयर 460 रुपये के ऊपरी स्तर तक पहुंचा, जबकि दबाव बनने पर यह 431 रुपये के स्तर तक भी नीचे आया। दोपहर 12 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, शेयर 446.80 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था, जिससे आईपीओ निवेशकों को प्रति शेयर लगभग 30 प्रतिशत का मुनाफा प्राप्त हुआ।
क्यू-लाइन बायोटेक का 214.48 करोड़ रुपये का आईपीओ 21 से 25 मई के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों से ऐतिहासिक प्रतिक्रिया मिली थी और यह कुल 102.42 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) का हिस्सा 123.94 गुना और रिटेल निवेशकों का हिस्सा 71.44 गुना भरा था। कंपनी जुटाई गई राशि का उपयोग कर्ज चुकाने और वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी।
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन की बात करें तो पिछले कुछ वर्षों में इसका राजस्व तेजी से बढ़ा है। वित्त वर्ष 2024-25 में राजस्व 322.58 करोड़ रुपये तक पहुंच गया था। चालू वित्त वर्ष में भी कंपनी ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए दिसंबर 2025 तक 38.69 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ और 236.50 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है। यद्यपि कंपनी पर कर्ज का बोझ भी बढ़ा है, लेकिन मजबूत रिजर्व और सरप्लस तथा बढ़ते ईबीआईटीडीए (EBITDA) ने निवेशकों का भरोसा बनाए रखा है।











