शिलांग, 29 मई।
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे ने शुक्रवार को मेघालय सरकार के साथ राज्य में खेल और युवा विकास कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस बैठक में खेल पारिस्थितिकी तंत्र, बुनियादी ढांचे के विकास और जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की रणनीतियों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री फुटबॉल मिशन’ की प्रगति पर प्रकाश डाला, जिसके तहत 125 केंद्रों के माध्यम से करीब 10 हजार खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि यह पहल दक्षिण अमेरिकी मॉडल से प्रेरित है और राज्य से कई अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ियों को आगे लाने में सफल रही है। इसके अतिरिक्त, राज्य खेल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत लगभग 900 खिलाड़ियों को दी जा रही सहायता की भी जानकारी दी गई।
रक्षा खडसे ने मावखानू फुटबॉल स्टेडियम, उमसावली स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और उमथम स्थित स्लैलम कोर्स जैसी प्रमुख खेल अवसंरचना परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से उमथम के स्लैलम कोर्स को देश में वाटर स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में हो रहे कार्यों की सराहना की।
बैठक में ‘येस मेघालय’ योजना और ‘माई भारत’ पोर्टल के माध्यम से युवाओं को स्वैच्छिक सेवाओं से जोड़ने पर भी मंथन हुआ। केंद्रीय मंत्री ने खेलो इंडिया अकादमियों को सुदृढ़ करने और खिलाड़ी विकास प्रणाली को बेहतर बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मेघालय के खेल मंत्री वेलाडमिकी शायला, खेल विभाग के अधिकारी और राज्य ओलंपिक संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे। रक्षा खडसे ने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए राज्य के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखेगी।











