भोपाल, 29 मई ।
‘पर्यावरण अनुकूल टिकाऊ शहरी आवासों का निर्माण’ विषय पर प्रथम राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन 30 और 31 मई को भोपाल में किया जाएगा, जिसमें देशभर के विशेषज्ञ, नीति-निर्माता, शोधकर्ता और पर्यावरणविद् पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली तथा शहरी विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे।
यह दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन सोसाइटी ऑफ नेचर हीलर्स एंड कंज़र्वेटर्स (एसएनएचसी इंडिया) द्वारा मध्यप्रदेश राज्य जैव-विविधता बोर्ड के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
सम्मेलन में शहरी जैव-विविधता संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, सस्टेनेबल शहरी विकास और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी, ताकि शहरों को अधिक टिकाऊ और जलवायु-सक्षम बनाने के लिए व्यवहारिक समाधान और नीति-आधारित सुझाव विकसित किए जा सकें।
आयोजकों के अनुसार एसएनएचसी इंडिया लंबे समय से पर्यावरण संरक्षण, शहरी जैव-विविधता संवर्धन और जल संरक्षण के क्षेत्र में कार्यरत है। हाल ही में इस सम्मेलन के पोस्टर और ब्रोशर का विमोचन प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख तथा मध्यप्रदेश राज्य जैव-विविधता बोर्ड के सदस्य सचिव द्वारा किया गया।
सम्मेलन का उद्देश्य केवल पर्यावरणीय चुनौतियों पर चर्चा तक सीमित नहीं है, बल्कि नागरिकों को दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना भी है। इसमें प्रधानमंत्री की ‘लाइफ’ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) अवधारणा को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
देशभर से विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों की भागीदारी से यह सम्मेलन नीति संवाद, ज्ञान विनिमय और सामूहिक कार्यवाही का महत्वपूर्ण मंच बनेगा, जिससे सतत शहरी नियोजन और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।







.jpg)






