शिमला, 29 मई ।
राजधानी शिमला के चक्कर स्थित जिला अदालत परिसर में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एनडीपीएस मामले में पेशी के लिए लाया गया एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय आर्यन धांटा, निवासी गांव कलगांव, डाकघर पुजारली नंबर-2, तहसील रोहड़ू, जिला शिमला को एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले में पेशी के लिए कोर्ट लाया गया था। इसी दौरान उसने टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और मौका पाकर रोशनदान के रास्ते बाहर निकलकर कोर्ट परिसर से भाग गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया। शहर के बाहर जाने वाले मार्गों पर नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग सका और कुछ ही समय में शोघी बैरियर के पास उसे पकड़ लिया गया। इसके बाद उसे वापस पुलिस हिरासत में ले लिया गया।
शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई की और उसे दबोच लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










