मुंबई।
भारतीय संगीत जगत की दिग्गज पार्श्व गायिका सुमन कल्याणपुर का रविवार को 89 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से संगीत जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने सुमन कल्याणपुर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संगीत जगत की एक मधुर, सुरमयी और भावपूर्ण आवाज हमेशा के लिए खामोश हो गई। उन्होंने कहा कि छह दशकों से अधिक समय तक सुमन कल्याणपुर ने अपनी अनुपम गायकी से संगीत प्रेमियों के दिलों पर राज किया। मराठी, हिन्दी, बांग्ला, ओड़िया समेत अनेक भाषाओं में गाए गए उनके अमर गीत संगीत जगत की अमूल्य धरोहर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पद्म भूषण से सम्मानित सुमन कल्याणपुर ने अपनी जादुई आवाज से भारतीय संगीत को समृद्ध किया। उनके गीतों की मिठास और भावपूर्ण अभिव्यक्ति सदैव स्मृतियों में जीवित रहेगी। उन्होंने उनके निधन को संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार ने भी सुमन कल्याणपुर के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपनी मधुर, सुरमयी और भावपूर्ण आवाज से सुमन कल्याणपुर ने भारतीय संगीत जगत को समृद्ध किया। हिन्दी, मराठी और अनेक क्षेत्रीय भाषाओं में गाए गए उनके अमर गीत पीढ़ियों की भावनाओं पर राज करते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि सुमन कल्याणपुर के निधन के साथ भारतीय शास्त्रीय और सुगम संगीत के स्वर्णिम युग का एक महत्वपूर्ण अध्याय समाप्त हो गया। शरद पवार ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।











